


पाली से अवधेश सिंह कि रिपोर्ट।
पाली, गुड़ा एंदला – पूरे देश में होलिका दहन का पर्व धूमधाम से मनाया गया, लेकिन पाली जिले के गुड़ा एंदला गांव में यह पर्व एक परिवार के लिए दुखों का पहाड़ बनकर टूटा। होली की तैयारियों के बीच हुए एक दर्दनाक हादसे में 5 साल की मासूम वर्षा की जान चली गई।
कैसे हुआ हादसा?
गुरुवार देर रात करीब 11 बजे वर्षा के परिवार के लोग होलिका दहन की तैयारियों में जुटे थे। इसी दौरान घर के बाहर खेल रही मासूम वर्षा पर अचानक लोहे की फाटक गिर गई। तेज आवाज सुनकर परिजन दौड़े और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने वर्षा को मृत घोषित कर दिया।
खुशियों का माहौल बदला मातम में
जहां एक ओर पूरे गांव में होली की धूम थी, वहीं वर्षा के घर में मातम पसर गया। मासूम की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। गांव में भी इस हादसे से शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बेटी की अचानक मौत से माता-पिता बदहवास हैं। गांव के लोगों ने परिवार को सांत्वना देने की कोशिश की, लेकिन इस गम को कोई भी शब्द कम नहीं कर सकते।