✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा
सोजत/जयपुर। प्रशासनिक सेवा की दुनिया में एक तेजतर्रार और चर्चित नाम रहीं आईपीएस काम्या मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 27 मार्च 2025 को उनके इस्तीफे को औपचारिक मंजूरी दे दी है। केवल 6 वर्षों की सेवा के बाद आईपीएस काम्या का इस तरह से इस्तीफा देना न केवल उनके फैंस के लिए भावुक कर देने वाला क्षण है, बल्कि यह सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है। खास बात यह है कि उनका राजस्थान से भी खास रिश्ता रहा है, जहां उन्हें अपना जीवनसाथी मिला और प्यार की कहानी शुरू हुई थी।
LBSNAA में मिली थी मोहब्बत, रतलाम कैंप में मिला प्रपोजल
आईपीएस काम्या मिश्रा ने 2018 में केवल 22 साल की उम्र में UPSC की परीक्षा पास कर 172वीं रैंक हासिल की थी। इसके बाद वे 2019 में उत्तराखंड के मसूरी स्थित प्रतिष्ठित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) में ट्रेनिंग के लिए पहुंचीं। यहीं उनकी मुलाकात राजस्थान के करौली जिले से ताल्लुक रखने वाले आईपीएस अधिकारी अवधेश दीक्षित से हुई। ट्रेनिंग के दौरान दोनों एक प्रोजेक्ट पर मध्यप्रदेश के रतलाम में साथ काम कर रहे थे। अवधेश दीक्षित काम्या के सहयोगी स्वभाव और कर्मठता से इस कदर प्रभावित हुए कि उन्होंने वहीं घुटनों के बल बैठकर काम्या को प्रपोज कर दिया। जवाब में काम्या ने बिना झिझक ‘हां’ कर दी।
कोर्ट मैरिज से डेस्टिनेशन वेडिंग तक का सफर
काम्या और अवधेश की प्रेम कहानी यहीं नहीं रुकी। दोनों ने पहले 2020 में कोर्ट मैरिज कर ली। बाद में जब कोरोना का कहर थमा तो साल 2021 में उन्होंने झीलों के शहर उदयपुर में शानदार डेस्टिनेशन वेडिंग कर एक नई जिंदगी की शुरुआत की। राजस्थान की सांस्कृतिक छटा और शाही अंदाज़ में हुई इस शादी की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं।
काम्या का करियर और स्थानांतरण
काम्या मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली हैं। यूपीएससी पास करने के बाद उन्हें हिमाचल प्रदेश कैडर मिला था, लेकिन अवधेश दीक्षित से विवाह के बाद 11 सितंबर 2020 को उन्होंने कैडर बदलकर बिहार आना चुना। इसके बाद वे बिहार में विभिन्न पदों पर रहीं और फिलहाल उनके पति अवधेश दीक्षित गोपालगंज जिले के एसपी के पद पर कार्यरत हैं।
सोशल मीडिया सेंसेशन बनीं IPS काम्या
अपने तेज-तर्रार अंदाज़, खूबसूरती और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता के चलते काम्या मिश्रा सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय रहीं। उनके लाखों फॉलोअर्स उन्हें एक आदर्श महिला अधिकारी के रूप में देखते हैं। नौकरी छोड़ने के फैसले ने उनके प्रशंसकों को जरूर भावुक कर दिया है, लेकिन अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि वे आगे कौन सा रास्ता चुनती हैं।
सवालों के घेरे में इस्तीफा
काम्या मिश्रा ने इतने कम समय में सर्विस छोड़ने का कोई सार्वजनिक कारण नहीं बताया है, लेकिन सूत्रों की मानें तो वे अब अपने निजी जीवन पर ज्यादा ध्यान देना चाहती हैं। साथ ही यह भी अटकलें लग रही हैं कि वे किसी सामाजिक या सार्वजनिक मंच से जुड़ सकती हैं।
आईपीएस काम्या मिश्रा की कहानी केवल एक प्रशासनिक अधिकारी की नहीं, बल्कि एक साहसी महिला की है जिसने प्यार, करियर और निजी फैसलों में संतुलन बनाने की कोशिश की। उनके इस्तीफे ने भले ही एक अध्याय को विराम दिया हो, लेकिन एक नई शुरुआत की संभावनाएं भी जन्म दी हैं।