✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा
बड़ी खबर :
नई दिल्ली।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ को उनकी संसदीय कार्यक्षमता, अनुशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भागीदारी के लिए “संसद रत्न पुरस्कार-2025” से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार उन्हें राज्यसभा की ओवरऑल कैटेगरी में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रदान किया जा रहा है।
प्राइम प्वाइंट फाउंडेशन द्वारा प्रतिवर्ष प्रस्तुत किया जाने वाला यह पुरस्कार उन सांसदों को दिया जाता है, जिन्होंने संसद के भीतर महत्वपूर्ण योगदान दिया है, बहसों में भागीदारी, प्रश्न पूछने और विधायी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई है। यह पुरस्कार संसद के दोनों सदनों—लोकसभा और राज्यसभा—के उत्कृष्ट सांसदों को एक पारदर्शी प्रक्रिया के तहत चयनित कर दिया जाता है।
संसद रत्न पुरस्कारों का यह 15वाँ राष्ट्रीय संस्करण है, जो जुलाई 2025 के अंतिम सप्ताह में नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में देशभर से चयनित जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, नीति निर्माताओं और समाजसेवियों की उपस्थिति रहेगी। इस आयोजन का उद्देश्य संसदीय लोकतंत्र को मजबूती देना और जनप्रतिनिधियों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रेरित करना है।
मदन राठौड़ के नाम की घोषणा होते ही भाजपा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गौरव और उत्साह का माहौल है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह सम्मान न केवल राठौड़ की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गर्व का विषय है।
गौरतलब है कि संसद रत्न पुरस्कार की स्थापना पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम के मार्गदर्शन में वर्ष 2010 में की गई थी। इस पुरस्कार को देश की संसदीय परंपराओं को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जाता है।
राज्यसभा में मदन राठौड़ की सक्रियता, जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाना और विकासोन्मुख विषयों पर सारगर्भित चर्चा करने की उनकी शैली को इस सम्मान के पीछे की मुख्य वजह माना गया है।