वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा के साथ अकरम खान कि रिपोर्ट।
सोजत। शिक्षा के क्षेत्र में सोजत की धरती एक बार फिर गौरवान्वित हुई है। राज पब्लिक सीनियर सैकेंडरी स्कूल, सोजत की मेधावी छात्रा गुनगुन जैन ने 12वीं कक्षा में विज्ञान संकाय से 95.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि सम्पूर्ण क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
गुनगुन की इस असाधारण उपलब्धि से सोजतवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। माता-पिता श्री महावीर जैन एवं श्रीमती रेखा जैन ने बेटी की इस सफलता को उसकी कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि गुनगुन बचपन से ही पढ़ाई में रुचि रखने वाली, अनुशासित और लक्ष्य के प्रति समर्पित रही है।
गुनगुन की सफलता पर क्षेत्र के अनेक समाजसेवी संगठनों, शिक्षा प्रेमियों एवं समाजबंधुओं ने हार्दिक बधाइयाँ दीं और उज्जवल भविष्य की कामनाएं की। इस मौके पर स्कूल प्रशासन ने भी छात्रा की मेहनत की सराहना करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
स्थानीय जैन समाज के गणमान्य लोगो ने कहा, “गुनगुन जैसी प्रतिभाएं हमारे समाज की असली पूंजी हैं। ऐसी उपलब्धियां नई पीढ़ी को प्रेरणा देती हैं और क्षेत्र के विकास की नींव रखती हैं।”
गौरतलब है कि गुनगुन भविष्य में चिकित्सा के क्षेत्र में योगदान देना चाहती है और वह NEET की तैयारी में जुटी हुई है। उसके आत्मविश्वास और मेहनत को देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि आने वाले वर्षों में वह और भी बड़ी ऊंचाइयों को छूएगी।