अकरम खान कि रिपोर्ट।
सोजत (सुरायता), 6 जून 2025 – “प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती, ठोकरें ही इंसान को चलना सिखाती हैं”
इस कहावत को साकार कर दिखाया है सोजत ब्लॉक के राउमावि सुरायता के दिव्यांग छात्र क्रिश कुमार ने। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर द्वारा आयोजित 12वीं कला वर्ग (CWSN) परीक्षा 2025 में क्रिश ने 500 में से 496 अंक प्राप्त कर 99.20 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। अपनी इस अभूतपूर्व सफलता से उन्होंने न केवल अपने माता-पिता बल्कि पूरे सोजत ब्लॉक का गौरव बढ़ाया है।

क्रिश के पिता प्रदीप कुमार किराने की दुकान चलाते हैं और माता भारती देवी एक गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों और शारीरिक चुनौती (50 प्रतिशत लोकोमोटर दिव्यांगता) के बावजूद क्रिश ने निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
क्रिश की इस उपलब्धि पर सुरायता ग्राम पंचायत की सरपंच प्रेम देवी अमराराम, विधायक प्रतिनिधि मोहनसिंह, हरीश सीरवी, प्रधानाचार्य सुखदेव सिंह धर्मावत, विद्यालय के समस्त स्टाफ और ग्रामवासियों ने हर्ष व्यक्त किया है।

सोजत ब्लॉक के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दलपतसिंह, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रथम जयदेव शर्मा, द्वितीय मोहम्मद रफीक तथा संदर्भ व्यक्ति सरदार सिंह ने क्रिश को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
शुरुआत से ही मेधावी रहे क्रिश का सपना है कि वह आगे चलकर प्रशासनिक सेवा (IAS/IPS) में जाएँ और समाज में एक प्रेरणा स्रोत बनें।
क्रिश की यह सफलता उन तमाम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है जो विपरीत परिस्थितियों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस रखते हैं।