अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। आगामी सोजत महोत्सव को भव्य रूप देने और प्रदेश स्तर पर पहचान दिलाने की मांग को लेकर बुधवार को सोजत की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने उपखंड अधिकारी मासिंगा राम जांगिड़ के माध्यम से जिला कलेक्टर लक्ष्मीनारायण मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि पिछले 20 वर्षों से सोजत महोत्सव के जरिए महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ भारत अभियान, पोलिथीन मुक्त सोजत तथा राष्ट्रीयता जैसे मूल्यों को बढ़ावा देने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही, पौधरोपण, परिंडा अभियान एवं अन्य जनहितकारी आयोजनों में भी सक्रिय भागीदारी निभाई जाती रही है।
प्रतिवर्ष आसोज माह में नवरात्रि स्थापना से लेकर आसोज सुदी नवमी तक महोत्सव का आयोजन होता है। इस बार भी महोत्सव को मरु महोत्सव, थार महोत्सव और पुष्कर महोत्सव की तरह प्रदेश में पहचान दिलाने के लिए प्रशासनिक भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
ज्ञापन देने वालों में सत्य नारायण गोयल, पेंशनर समाज अध्यक्ष लालचंद मोयल, भामाशाह एवं संयोजक अनोपसिंह लखावत, सोजत सेवा मंडल के पुष्पत राज मुणोत, वरिष्ठ नागरिक समिति के हितेंद्र व्यास, अभिनव कला मंच उपाध्यक्ष श्याम लाल व्यास, सचिव चेतन व्यास, मानव सेवा समिति अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, पार्षद जोगेश जोशी, अशोक सैन, राजकुमार चौधरी, जवरीलाल बौराणा, कृष्णा भाटी आदि शामिल रहे।