रिपोर्ट: सोजत न्यूज़ | वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा

सोजत सिटी। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत बनाने और पत्रकारों की एकजुटता का संदेश देने वाला इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) सोजत उपखंड का पत्रकार सम्मान, शपथ ग्रहण एवं सावन स्नेह मिलन समारोह रविवार को मोड़भट्टा स्थित होटल अमित इन में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, भाईचारा और संगठनात्मक एकता की अनूठी मिसाल देखने को मिली।
समारोह में जिले और उपखंड के प्रिंट तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन आईएफडब्ल्यूजे जिलाध्यक्ष अरुण कुमार जोशी के मुख्य आतिथ्य, उपखंड अध्यक्ष कैलाश गहलोत की अध्यक्षता तथा उपाध्यक्ष प्रकाश राठौड़ एवं राजेश शर्मा के विशिष्ट आतिथ्य में किया गया।
बदलते समय में पत्रकारों को संगठित रहने की जरूरत : अरुण कुमार जोशी
मुख्य अतिथि एवं जिलाध्यक्ष अरुण कुमार जोशी ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के सामने अनेक चुनौतियाँ खड़ी हैं। ऐसे समय में पत्रकारों को संगठित होकर निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदार पत्रकारिता करनी होगी। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का सजग प्रहरी है और आईएफडब्ल्यूजे हमेशा पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
सोजत संगठन की प्रदेशभर में अलग पहचान बनेगी : कैलाश गहलोत
अध्यक्षीय उद्बोधन में उपखंड अध्यक्ष कैलाश गहलोत ने कहा कि सोजत उपखंड के पत्रकारों की संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण और एकजुटता अनुकरणीय है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संगठन प्रत्येक सदस्य के सुख-दुःख में सदैव साथ खड़ा रहेगा तथा सोजत इकाई को प्रदेश की अग्रणी इकाइयों में शामिल करने का निरंतर प्रयास किया जाएगा।
विश्व के सबसे बड़े पत्रकार संगठन का दिया परिचय
विधानसभा प्रभारी चेतन व्यास ने आईएफडब्ल्यूजे का परिचय देते हुए बताया कि वर्ष 1950 में दिल्ली में चलपति राव द्वारा स्थापित यह संगठन विश्व के 40 देशों तथा यूनेस्को से भी संबद्ध है। भारत के 35 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में इसकी इकाइयाँ सक्रिय हैं। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल मिश्रा हैं तथा संगठन प्रेस की स्वतंत्रता, पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा और कार्य परिस्थितियों के सुधार के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
संगठन की मजबूती पर वक्ताओं ने रखे विचार
समारोह में महासचिव नवनीत राय रूचिर ने उपखंड हित में पारित प्रस्तावों को अनुमोदनार्थ सदन के समक्ष प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर डॉ. रामस्वरूप भटनागर ने कहा कि संगठन की मजबूती उसकी एकता में निहित है।
राजेश शर्मा (सोजत रोड) ने सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
वरिष्ठ पत्रकार भुवनेश टाक ने कहा कि यदि दिशा सही होगी तो दशा अपने आप सुधर जाएगी।
मीठालाल पंवार ने कहा कि वर्तमान समय की चुनौतियों का सामना करना ही सबसे बड़ी चुनौती है।
रमेश भट्ट (बगड़ी) ने निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
ललित तिवारी (सोजत रोड) ने संगठन की एकता को सबसे बड़ा संबल बताया।
आमीर रजा ने कहा कि भयमुक्त पत्रकारिता के लिए पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित होना आवश्यक है।
भवानीसिंह बागावास ने ऐसे आयोजनों को समय-समय पर आयोजित करने की आवश्यकता जताई।
इसके अलावा जिला सचिव अब्दुल समद राही, हेरम्ब भारद्वाज एवं ओमप्रकाश चौहान सहित अनेक वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
दीप प्रज्वलन से शुरुआत, राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। वंदे मातरम् के साथ उद्घाटन हुआ तथा राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन किया गया।
अतिथियों एवं संगठन के सभी पदाधिकारियों का साफा, शॉल एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। इसके बाद सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन के प्रति निष्ठा, ईमानदारी और अपने उत्तरदायित्वों के निर्वहन की शपथ ली, जिसका उपस्थित पत्रकारों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
सावन गीतों से सराबोर हुआ वातावरण
कार्यक्रम की शुरुआत में बालिका सिद्धि एवं सदस्यों ने कुमकुम तिलक एवं उपरना पहनाकर सभी अतिथियों और पत्रकारों का स्वागत किया।
समारोह के दौरान चेतन व्यास एवं डॉ. रामस्वरूप भटनागर के नेतृत्व में सभी पत्रकारों ने सामूहिक स्वर में “सावन का महीना पवन करे शोर…” तथा “ज्योत से ज्योत जगाते चलो, प्रेम की गंगा बहाते चलो…” जैसे प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किए, जिससे पूरा सभागार भावनात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल से गूंज उठा।
पत्रकारों का हुआ सम्मान, दिया गया सावन स्नेह उपहार
समारोह में उपस्थित सभी पत्रकारों को सावन स्नेह उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में महासचिव नवनीत राय रूचिर ने सभी अतिथियों, पत्रकार साथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में डॉ. रशीद गौरी, लक्ष्मीनारायण माली, दिलखुश गहलोत, महावीर गहलोत, राकेश भटनागर, दिनेश सोलंकी, दिव्येश जोशी, अशोक गहलोत, अकरम खान, हितेश भाटी, गोविंद गर्ग, हरीश गहलोत, मुकेशसिंह, अजय जोशी, ओमप्रकाश बोराणा, अशोकसिंह सोलंकी, गजेंद्र गहलोत, राहुल, ईश्वर दमामी, मोटाराम बोचावत, पूनाराम प्रजापत, इस्माईल खां, मोहम्मद आरिफ, पवन कुमार सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
एकता, सम्मान और जिम्मेदारी का संदेश
आईएफडब्ल्यूजे सोजत उपखंड का यह ऐतिहासिक महाकुंभ केवल शपथ ग्रहण या सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने पत्रकारों की एकता, निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक उत्तरदायित्व और संगठनात्मक मजबूती का सशक्त संदेश दिया। पूरे आयोजन ने यह साबित किया कि बदलते दौर में पत्रकारों की एकजुटता ही लोकतंत्र की मजबूती और प्रेस की स्वतंत्रता की सबसे बड़ी ताकत है।









