सोजत नगर पालिका चुनाव में भाजपा के बाद कांग्रेस में चुनावी सरगर्मियां तेज

राकेश भटनागर

सोजत। नगर पालिका चुनाव को लेकर सोजत में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने भी चुनावी तैयारियों को गति देते हुए पार्षद पद के दावेदारों से आवेदन पत्र जमा करवाए।

सोजत नगर पालिका के 40 वार्डों के लिए कांग्रेस के कुल 97 फॉर्म जमा हुए। सभी वार्डों से पार्षद पद के दावेदार अपने-अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और शक्ति प्रदर्शन करते हुए पर्यवेक्षकों के समक्ष अपने आवेदन प्रस्तुत किए।

इस दौरान बाहर से आए कांग्रेस के पर्यवेक्षक एवं पूर्व नगर परिषद पार्षद महबूब टी, पीसीसी पर्यवेक्षक ललित बामनिया, कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी निरंजन आर्य तथा कांग्रेस जिला अध्यक्ष ऐश्वर्या सांखला ने पार्षद पद के दावेदारों के आवेदन स्वीकार किए।

कई प्रत्याशी ढोल-नगाड़ों के साथ अपने समर्थकों की भीड़ लेकर फॉर्म जमा कराने पहुंचे। इससे नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी उत्साह नजर आया।

पर्यवेक्षकों ने दावेदारों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पिछली चुनावी हार का जिक्र किया और कहा कि सोजत में कांग्रेस को पहले बहुत कम वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। इस बार पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और ऐसी स्थिति दोबारा नहीं आने दी जाएगी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने पार्षद पद के दावेदारों को चुनाव में जीत हासिल करने के लिए संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने तथा अपने-अपने वार्ड में जनसंपर्क बढ़ाने के उपाय बताए। नेताओं ने सभी दावेदारों से पार्टी की एकजुटता बनाए रखते हुए चुनाव में मजबूती से जुटने का आह्वान किया।

कांग्रेस में 97 दावेदारों द्वारा फॉर्म जमा किए जाने के बाद अब पार्टी स्तर पर प्रत्याशियों के चयन को लेकर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

error: Content is protected !!