✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा
सोजत (पाली), 2 जुलाई 2025 — शहर के चौधरियों का वास इलाके से एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है। पाली दरवाजा क्षेत्र के रहने वाले जुगराज भाटी पुत्र स्व. श्री बस्तीराम भाटी (हांडिया वाला) का 1 जुलाई 2025 को कैंसर से लंबी जंग लड़ते हुए अकस्मात निधन हो गया।
जुगराज भाटी एक शांत स्वभाव, मिलनसार व्यवहार और सदा मुस्कराते चेहरे के लिए पूरे क्षेत्र में पहचाने जाते थे। उन्हें देखकर कोई यह नहीं कह सकता था कि वे भीतर ही भीतर कैंसर जैसी घातक बीमारी से लड़ रहे हैं। उनकी बीमारी की जानकारी बहुत सीमित लोगों को ही थी, क्योंकि वे कभी भी अपनी तकलीफों को चेहरे पर नहीं आने देते थे।
उनके निधन से चौधरियों का वास, पाली दरवाजा सहित समस्त सोजत शोक की लहर में डूब गया है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि “जुगराज एक ऐसा इंसान था, जो अपने दुख को भीतर रखकर, हर किसी के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम करता था। आज उसका यूं चले जाना, सिर्फ एक शारीरिक विदाई नहीं बल्कि एक भावना का अंत है।”
अंतिम यात्रा की जानकारी:
जुगराज भाटी की अंतिम यात्रा दिनांक 2 जुलाई 2025 (मंगलवार) को प्रातः 11 बजे उनके निवास स्थान चौधरियों का वास, सोजत सिटी से रवाना होकर श्मशान घाट पहुंचेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
क्षेत्र में शोक की लहर:
सोजत शहर के सामाजिक, व्यापारिक और युवा वर्ग में जुगराज भाटी की गहरी पहचान थी। कई युवा उन्हें अपने प्रेरणास्त्रोत के रूप में मानते थे। उनकी असमय मृत्यु से हर आंख नम है।
स्थानीय लोगों, रिश्तेदारों और मित्रों का उनके घर पर शोक व्यक्त करने के लिए तांता लगा हुआ है। पूरे मोहल्ले में सन्नाटा पसरा हुआ है।
🙏 ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और शोकसंतप्त परिवार को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति दे।
🕯️ भावभीनी श्रद्धांजलि।