सोजत। सावन माह के दूसरे सोमवार को नगर के नयापुरा स्थित गणेश मंदिर के पास धार्मिक आस्था व परंपराओं के अनुरूप यज्ञ-हवन व पूजन अनुष्ठान का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन वैदिक विधि-विधान से विद्वान आचार्य पंडित मोतीगुरु हैदराबाद एवं पंडित हर गोविन्द अवस्थी सोजत द्वारा सम्पन्न करवाया गया।
इस अवसर पर यजमान विजय त्रिवेदी दंपति ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुतियां दी। कार्यक्रम से एक दिन पूर्व भक्ति सत्संग का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने लयबद्ध भजन-कीर्तन के माध्यम से देवी-देवताओं को प्रसन्न किया।
द्वितीय सोमवार को ठाकुरजी का विधिवत पूजन पंचोपचार, मेवा-मिष्ठान्न एवं फलों के साथ सम्पन्न हुआ। यज्ञ स्थल पर सामवेद एवं ऋग्वेद की ऋचाएं गूंजती रही और यज्ञ के पावन धूम्र से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित हो उठा।
पूर्णाहुति एवं महाआरती में श्रीमाली ब्राह्मण समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर विजय त्रिवेदी एवं अंकित त्रिवेदी ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रमुख रूप से बसंतीलाल जोशी, श्रीमती कौशल्या जोशी, अश्विनी कुमार जोशी, अपर लोक अभियोजक पंकज त्रिवेदी, चेतन व्यास, सुनील जांगिड़, भवानी शंकर जांगिड़, दीक्षान्त व्यास सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
पूरे आयोजन में धार्मिक वातावरण, भक्ति रस एवं वेदध्वनि की गूंज ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से अभिभूत कर दिया।