वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही की रिपोर्ट
राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) पाली के चुनाव सम्पन्न
विक्रम सिंह जैतावत बने जिला अध्यक्ष, ओमप्रकाश कुमावत लगातार तीसरी बार जिला मंत्री निर्वाचित

पाली, 14 सितम्बर।
राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) पाली का जिला वार्षिक अधिवेशन शनिवार को ताड़केश्वर रामेश्वर सरस्वती बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, मंडिया रोड, पाली में उत्साहपूर्ण एवं शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन के दौरान हुए चुनाव में विक्रम सिंह जैतावत जिला अध्यक्ष चुने गए, जबकि ओमप्रकाश कुमावत लगातार तीसरी बार जिला मंत्री निर्वाचित हुए। चुनाव प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता एवं लोकतांत्रिक वातावरण में सम्पन्न हुई और संपूर्ण कार्यकारिणी निर्विरोध चुनी गई।
चुनाव की देखरेख प्रदेश मंत्री अमरजीत सिंह, विभाग संगठन मंत्री मुकनाराम बावल, निवर्तमान जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह, जिला निर्वाचन अधिकारी शैतान सिंह राठौड़ तथा चुनाव पर्यवेक्षक कानाराम प्रजापति ने की। अधिवेशन में जिले के आठों ब्लॉकों से ब्लॉक अध्यक्ष, मंत्री, महिला मंत्री एवं जिला महासमिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्रदेश मंत्री अमरजीत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन का दायित्व ग्रहण करना मात्र पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि यह एक महान उत्तरदायित्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई पदाधिकारी संगठन के प्रति अपने कर्तव्यों का सही ढंग से निर्वहन नहीं करता, तो उसे संगठन में बने रहने का अधिकार नहीं होगा। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे संघ की मजबूती, शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें तथा अपने पद को सम्मान का नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम समझें।
चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष विक्रम सिंह जैतावत ने शिक्षकों और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि संगठन को जिले में और अधिक सशक्त बनाया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर सक्रिय संवाद एवं कार्यवाही को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे संगठन की गतिविधियां और प्रभावी बन सकें।
लगातार तीसरी बार जिला मंत्री निर्वाचित होने पर ओमप्रकाश कुमावत ने सभी दायित्ववान और समर्पित कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे संगठन की मेहनत और एकजुटता का परिणाम है। कुमावत ने भरोसा दिलाया कि वे पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ संगठन को मजबूत करने और शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
निवर्तमान जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह ने अपने कार्यकाल में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया और नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
चुनाव अधिकारी शैतान सिंह राठौड़ ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। घोषणा के बाद पूरे अधिवेशन स्थल पर उत्साह का माहौल छा गया और कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
घोषित कार्यकारिणी में विक्रम सिंह जैतावत जिला अध्यक्ष, भूराराम पटेल सभाध्यक्ष, माधोसिंह राठौड़ एवं उदाराम मकवाना उप सभाध्यक्ष, सुरेंद्र सिंह राणावत वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महेंद्र सिंह महेचा उपाध्यक्ष (पुरुष), कुसुम गोस्वामी उपाध्यक्ष (महिला), अल्लारखा पठान उपाध्यक्ष (माध्यमिक), भूपेंद्र कुमार उपाध्यक्ष (प्राथमिक), भारत सिंह उपाध्यक्ष (संस्कृत), चंद्र प्रकाश मोबारसा सचिव (माध्यमिक), महेंद्र सिंह जैतावत सचिव (संस्कृत), ओमप्रकाश कुमावत जिला मंत्री, धन्नाराम शर्मा अतिरिक्त जिला मंत्री, बबिता जोगावत महिला मंत्री और तेजसिंह कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए।
कार्यकारिणी सदस्य के रूप में प्रधानाचार्य देवेंद्र प्रसाद डॉबी, पंचायत समिति शिक्षक अशोक कुमार, अध्यापक महेंद्र कुमार, वरिष्ठ अध्यापक जीवाराम सरेल, प्राध्यापक लक्ष्मण सिंह, संस्कृत शिक्षा दिलीप सिंह चारण और शारीरिक शिक्षक नारायणलाल को चुना गया।
अधिवेशन में जिले के सभी ब्लॉकों के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें दिलीप सिंह, नरेश सेन, भगवान सिंह, भीखाराम, अमरचंद सामरिया, विक्रम मीना, भारत सिंह चौहान, प्रताप सिंह, शेषाराम सहित अनेक शिक्षक शामिल थे।
अधिवेशन का समापन संगठन की मजबूती, शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सामूहिक प्रयास करने के संकल्प के साथ हुआ।