वरिष्ठ पत्रकार चेतनजी व्यास के साथ अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। देश-विदेश में अपनी ओजपूर्ण कविताओं से धूम मचाने वाले, कई टीवी चैनलों पर अपनी रचनाओं से दर्शकों का दिल जीत चुके मध्य प्रदेश देवास के नामचीन कवि एवं मंच संचालक शशिकांत यादव ने सोजत महोत्सव समिति के सचिव चेतन व्यास से बेबाक चर्चा की।
देशभक्ति की ओजस्वी कविताओं के लिए पहचान बनाने वाले यादव ने बताया कि वे वीर रस के प्रख्यात कवि हरिओम पंवार को सुनकर बड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि पंवार की कविताओं ने एक पूरी पीढ़ी को प्रभावित किया है और आज भी कई युवा कवि उनके पदचिन्हों पर चलने की प्रेरणा ले रहे हैं।
यादव ने बताया कि वर्तमान में अर्जुन सिंह सिसोदिया, मनवीर मधुर और राम भदावर जैसे कवि इस धारा को आगे बढ़ा रहे हैं और देशभक्ति का शंखनाद कर समाज में जागरूकता फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि “युवा जागृत रहें और देश आगे बढ़े, यही हमारा उद्देश्य होना चाहिए।”
भारत में हो रहे बदलावों पर बात करते हुए यादव ने कहा कि लोकल फॉर वोकल जैसी पहल से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ना देश की सबसे बड़ी ताकत है।
सोजत महोत्सव को लेकर उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि सोजत का 972वां स्थापना दिवस अपने आप में गौरवपूर्ण है। यहां की समृद्ध संस्कृति और विविध आयोजन इसकी पहचान हैं। यादव ने कहा – “यह कवियों की धरती है, यहां के लोग काव्य की गहरी समझ रखते हैं और कवियों का आदर-सत्कार करना जानते हैं। दूसरी बार सोजत आना मेरे लिए सुखद अनुभूति है।”