अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। विजयादशमी के पावन पर्व पर इस वर्ष सोजत में दशहरे का भव्य आयोजन मेला चौक पर किया जाएगा। नगर पालिका प्रशासन की ओर से किए जा रहे पुख्ता इंतजामों के बीच आज 2 अक्टूबर को सूर्यास्त के समय 52 फीट ऊँचे रावण का दहन किया जाएगा।
इस दौरान आकर्षक आतिशबाजी का भी आयोजन होगा, जिसे देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग एकत्रित होंगे।
नगर पालिकाध्यक्ष मंजु जुगलकिशोर निकुंम ने बताया कि दशहरे का आयोजन हर वर्ष नगर की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक रहा है। इस बार आयोजन को और भी भव्य बनाने की तैयारी की गई है। मेला चौक पर साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की जा रही है ताकि लोग सुरक्षित माहौल में पर्व का आनंद ले सकें।
52 फीट ऊँचे रावण के पुतले का निर्माण कुशल कारीगरों की टीम कर रही है। वरिष्ठ कलाकार रविंद्र कुमार भटनागर के नेतृत्व में जितेन्द्र, अमृतलाल, प्रेम, दिनेश, अशोक, मुकेश, सूरज, प्रकाश, विकास, महेंद्र और कुलदीप सहित करीब एक दर्जन कारीगर पिछले छह दिनों से पुतला बनाने में जुटे हैं। रावण को विशेष आकर्षक रूप देने के लिए रंग-बिरंगे कपड़े, चमकदार कागज और रोशनी का इस्तेमाल किया जा रहा है।
नगरवासियों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह है। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी इस पारंपरिक उत्सव का इंतजार कर रहे हैं। रावण दहन और आतिशबाजी का दृश्य नगरवासियों के लिए मुख्य आकर्षण रहेगा।
दशहरे का यह आयोजन न केवल बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देगा, बल्कि नगर की एकता और सांस्कृतिक धरोहर को भी और मजबूत करेगा।