सोजत। लोटस पब्लिक स्कूल में देशी-विदेशी मुद्राओ कि प्रदर्शनी, अंकित अग्रवाल के अनूठे संग्रह ने खींचा शहरवासियों का ध्यान।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत।शहर के जाने-माने मुद्रा संग्रहकर्ता अंकित अग्रवाल द्वारा लोटस पब्लिक स्कूल में देशी एवं विदेशी मुद्राओं की भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में शहर के गणमान्य नागरिकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पहुंचकर विभिन्न देशों की मुद्राओं का अवलोकन किया और संग्रह की जमकर सराहना की।

प्रदर्शनी में देश-विदेश के नए-पुराने नोटों और सिक्कों का बेहतरीन संग्रह देखने को मिला। दर्शकों ने बताया कि इस संग्रह में ऐतिहासिक महत्व रखने वाली दुर्लभ मुद्राओं के साथ-साथ आधुनिक दौर की प्रचलित करेंसी भी शामिल है, जो इसे और अधिक रोचक और आकर्षक बनाती है।
मुद्रा संग्रहकर्ता अंकित अग्रवाल ने बताया कि वे इससे पहले भी 3 से 4 बार अपने संग्रह की प्रदर्शनी लगा चुके हैं। वर्तमान में उनके पास करीब 100 से अधिक देशों की मुद्राओं का संग्रह है, जिसे वे समय-समय पर आमजन के लिए प्रदर्शित करते रहते हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि उनके पास भारतीय मुद्रा के 50, 60, 100, 125, 150, 200, 250, 500, 550 और 1000 मूल्यवर्ग के दुर्लभ सिक्के भी मौजूद हैं, जो आमतौर पर देखने को नहीं मिलते और प्रचलन मे भी नही है।

अंकित अग्रवाल ने बताया कि उनके संग्रह में ब्रिटिश काल में जारी पुराने करेंसी नोटों से लेकर आज के आधुनिक दौर में चल रही भारतीय और विदेशी करेंसी तक शामिल है। साथ ही भारत सरकार और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया द्वारा विभिन्न समयों पर जारी किए गए विशेष स्मारक सिक्कों (Special Commemorative Coin Sets) का भी शानदार कलेक्शन उनके पास है।
उन्होंने बताया कि उन्हें यह शौक बचपन से है, लेकिन यह शौक काफी खर्चीला भी है, क्योंकि इन नोटों और सिक्कों को काफी महंगी किमत पर मंगाना या खरीदना पड़ता है वही इन्हें सुरक्षित रखने के लिए विशेष एल्बम, कवर और वातावरण की जरूरत होती है, जिस पर अच्छा-खासा खर्च आता है।
प्रदर्शनी को देखने पहुंचे लोगों ने इसे ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि इस तरह की प्रदर्शनी से न केवल इतिहास की जानकारी मिलती है, बल्कि बच्चों और युवाओं में संग्रहण की रुचि भी बढ़ती है।



