वरिष्ठ पत्रकार चेतनजी व्यास के साथ अकरम खान कि रिपोर्ट।
सोजत। राजस्थान धरोहर एवं प्रोन्नति प्राधिकरण बोर्ड के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत से सोजत के नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने क्षतिग्रस्त दुर्ग की मरम्मत और इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की है। भाजपा मंडल अध्यक्ष कीर्ति राजेश तंवर, भाजपा नेता राजेश अग्रवाल, वरिष्ठ नागरिक समिति अध्यक्ष सुरेश ओझा, सोजत महोत्सव समिति संयोजक अनोपसिंह लखावत सहित अन्य गणमान्य लोगों ने इस संबंध में लखावत से अनुरोध किया।
क्षतिग्रस्त दुर्ग को सुरक्षित करने की मांग
दुर्ग की मरम्मत और सुरक्षा को लेकर नागरिकों में चिंता बढ़ती जा रही है। होली के बाद धुलंडी के दूसरे दिन यहां पारंपरिक गैर मेला आयोजित किया जाता है, जिसमें हजारों लोग शामिल होते हैं। लेकिन दुर्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत न होने के कारण यहां हादसे की आशंका बनी हुई है। पूर्व में भी यहां एक युवक करंट लगने से झुलस गया था और उसे अपना हाथ गंवाना पड़ा था। नागरिकों ने मांग की है कि दुर्ग के जर्जर हिस्सों को जल्द से जल्द सुरक्षित किया जाए और पुरातत्व विभाग द्वारा इसकी मरम्मत करवाई जाए।
सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग
सोजत दुर्ग, सिटी टैंक, गणपति विसर्जन स्थल और देव झूलनी ग्यारस जैसे आयोजनों के दौरान भारी भीड़ जुटती है। इस दौरान जेबकतरी और छेड़छाड़ की घटनाएं भी सामने आती हैं। साथ ही, सार्वजनिक पार्क और तालाब क्षेत्र में शाम के समय घूमने आने वाली महिलाओं व परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है। नागरिकों ने दुर्ग के तीनों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके और घटनाओं को रोका जा सके।
पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का विजन
सामाजिक संगठनों का विजन सोजत दुर्ग को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का है। इसके तहत—
दुर्ग में पैनोरमा बनाया जाए,
शीर्ष पर टेलिस्कोप लगाया जाए,
प्रोजेक्टर और म्यूजियम स्थापित किए जाएं,
साइंस पार्क का निर्माण किया जाए।
इन प्रयासों से न केवल ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित किया जा सकेगा, बल्कि सोजत में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। सामाजिक संगठनों का कहना है कि वे इस दिशा में लंबे समय से प्रयासरत हैं और जल्द से जल्द इस मांग को पूरा किए जाने की उम्मीद कर रहे हैं।