जैसलमेर। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता वसुंधरा राजे 8 मार्च को अपना जन्मदिन जैसलमेर में मनाएंगी। इस खास मौके पर वे भारत-पाक सीमा के समीप स्थित प्रसिद्ध तनोट माता मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगी।
बीजेपी नगर मंडल अध्यक्ष अरुण पुरोहित ने जानकारी देते हुए बताया कि वसुंधरा राजे तनोट माता के दर्शन के बाद जैसलमेर से दिल्ली के लिए रवाना होंगी। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे।
वसुंधरा राजे का तनोट माता मंदिर से विशेष लगाव रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनकी परिवर्तन यात्रा के दौरान भी वे यहां दर्शन करने आई थीं। इसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि वे राज्य की राजनीति में एक बार फिर सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी कर रही हैं।
इस दौरे के दौरान वे भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद भी करेंगी। राजे के इस दौरे को आगामी राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। तनोट माता के दर्शन के साथ वे देश और प्रदेश में शांति व समृद्धि की कामना करेंगी।