वरिष्ठ पत्रकार चेतनजी व्यास कि रिपोर्ट।
सोजत सिटी। विश्व शांति और समृद्ध समाज की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल के तहत, आगामी 9 अप्रैल 2025 को सुबह 8:00 से 9:30 बजे तक नवकार मंत्र का अंतर्राष्ट्रीय सामूहिक जाप कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन एक दिन, एक समय, पूरे विश्व में एक साथ होने जा रहा है।
इस जनचेतना अभियान के अंतर्गत सोजत सकल जैन संघ के तत्वावधान में अध्यक्ष महेंद्र कुमार मेहता के नेतृत्व तथा पूर्व अध्यक्ष सुरेश कुमार सुराणा, महामंत्री हेमंत कुमार सिंघवी, जैन युवा संगठन अध्यक्ष गजेंद्र कुमार जैन, महेंद्र कुमार सिंघवी, मंत्री अंकुर बलाई, लोकेश मेहता आदि की उपस्थिति में कोट के मोहल्ले से ध्वज दिखाकर जैन कलश यात्रा रथ का शुभारंभ किया गया।
यह यात्रा मुख्य बाजार, सब्जी मंडी, स्वाध्याय भवन, राजपोल दरवाजा, दादावाड़ी से होती हुई महावीर सर्कल तक पहुँची। इस दौरान धार्मिक उल्लास व आध्यात्मिक ऊर्जा से वातावरण ओतप्रोत रहा।
संघ के महामंत्री हेमंत कुमार सिंघवी ने जानकारी दी कि भगवान महावीर स्वामी के 2624वें जन्मकल्याणक के अवसर पर यह आयोजन वैश्विक स्तर पर आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्वितीय संगम बनेगा। 9 अप्रैल को विश्व के 108 देशों में 6,000 से अधिक स्थानों पर लगभग 1 करोड़ 8 लाख श्रद्धालु नवकार मंत्र का सामूहिक जाप करेंगे, जो अपने आप में एक विश्व रिकॉर्ड की दिशा में ऐतिहासिक पहल मानी जा रही है।
यह आयोजन न केवल आध्यात्मिक जागरूकता का प्रतीक है, बल्कि विश्व शांति, सौहार्द और सामंजस्य की भावना को वैश्विक स्तर पर प्रोत्साहित करने की एक प्रेरणादायक मिसाल भी बनेगा।