सोजत। नगर के गणमान्य नागरिकों एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधिमंडल ने सोजत के ऐतिहासिक दुर्ग को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग को लेकर विधायक श्रीमती शोभा चौहान एवं पूर्व काबीना मंत्री श्री लक्ष्मीनारायण दवे से मुलाकात की।
इस अवसर पर अभिनव कला मंच के सचिव चेतन व्यास ने दुर्ग की ऐतिहासिक महत्ता एवं गौरव के बारे में जानकारी देते हुए इसके क्षतिग्रस्त भागों की मरम्मत एवं संपूर्ण परिसर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। भाजपा नेता प्रफुल्ल ओझा ने क्षेत्रवासियों की भावनाओं के अनुरूप इस धरोहर को पुनः प्राचीन स्वरूप प्रदान करने की मांग की।
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति राजेश तंवर ने दुर्ग को हेरिटेज के रूप में विकसित करने की बात कही, जबकि बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राजेश चौधरी ने दुर्ग में म्यूजियम एवं पैनोरमा निर्माण की मांग रखी। अपर लोक अभियोजक पंकज त्रिवेदी ने सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर बल दिया।
विधायिका शोभा चौहान ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए बताया कि उन्होंने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया है तथा केंद्रीय पुरातत्व मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत व अधिकारियों से भी चर्चा की है। उन्होंने कहा कि वे शीघ्र ही राजस्थान धरोहर प्राधिकरण बोर्ड अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत से भी बातचीत करेंगी।
पूर्व काबीना मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे ने बताया कि वे विधायक शोभा चौहान के साथ मिलकर सोजत के ऐतिहासिक दुर्ग एवं सिटी टैंक परिसर को प्रयागराज के चंद्रशेखर आजाद पार्क की तर्ज पर विकसित करने की योजना पर कार्य कर रहे हैं, जिसके लिए धरोहर प्राधिकरण बोर्ड तथा केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय का सहयोग लिया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति तंवर, राजेश तंवर, चेतन व्यास, प्रफुल्ल ओझा, अधिवक्ता राजेश चौधरी, श्याम सिंह चौहान, नरपत सिंह सोढ़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि समाजसेवी अनोपसिंह लखावत, पेंशनर समाज अध्यक्ष लालचंद मोहिल, सोजत सेवा मंडल मंत्री पुष्पत राज मुणोत, अभिनव कला मंच अध्यक्ष गोरधनलाल गहलोत, उपाध्यक्ष श्यामलाल व्यास, हितेंद्र व्यास, भारत विकास परिषद अध्यक्ष देवीलाल सांखला, प्रकाश सोनी, माली सैनी समाज जिलाध्यक्ष ताराचंद सैनी, जवरीलाल बौराणा, हीरालाल कांठेर, मदन मोदी सहित अनेक सामाजिक संस्थाएं इस दुर्ग को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए सतत प्रयासरत हैं।