वरिष्ठ पत्रकार चेतनजी व्यास के साथ अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। मेहंदी नगरी सोजत में ग्यारह दिवसीय धार्मिक गणेश उत्सव का समापन होते ही अब नगरवासी नवरात्रि स्थापना एवं अधिष्ठात्री देवी सेजल माता के सम्मान में आयोजित होने वाले सोजत महोत्सव की तैयारियों में जुट गए हैं।
पार्षद जोगेश जोशी ने बताया कि इस बार सोजत महोत्सव को प्रदेशभर में अलग पहचान दिलाने के लिए नगर पालिका के सभी पार्षदों ने विशेष रणनीति बनाई है। परंपरानुसार आसोज माह की नवरात्रि में सोजत की अधिष्ठात्री देवी सेजल माता नवदुर्गाओं और 64 योगिनियों के साथ 9 दिनों तक नगरवासियों पर कृपा बरसाने के लिए उपस्थित रहती हैं। इस दौरान सोजतवासी कन्या पूजन, दुर्गा आराधना और विशेष अनुष्ठानों के जरिए आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
इस बार महोत्सव में स्वच्छ सोजत, स्वस्थ सोजत, विकसित एवं सुंदर सोजत, महिला सशक्तिकरण एवं पर्यावरण संरक्षण की थीम रखी गई है। यह आयोजन नवरात्रि स्थापना से लेकर आसोज सुदी नवमी, विजयादशमी और 2 अक्टूबर तक विशेष रूप से आयोजित होगा।
नगर पालिका पार्षदों ने सोजत के 972वें वर्ष प्रवेश को ऐतिहासिक और यादगार बनाने का संकल्प लिया है। इस अभियान में न.पा.चैयरमैन मंजू जुगलकिशोर निकुंम, उपाध्यक्ष रामलाल सांखला,महिला काँग्रेस अध्यक्ष श्रीमती ऐश्वर्या सांखला, मोहनलाल टॉक, जोगेश जोशी, भवानी शंकर सोनी, राजेंद्र परिहार, राकेश पंवार, तरुण सोलंकी, प्रतिभा शर्मा, बालमुकुंद गहलोत, मंजू गहलोत, विमला टांक, मंजू तंवर, संतोष पिल्लई, प्रियंका नागोरा, मोहम्मद शहजाद, सन्नू तंवर, जमील उर रहमान, अनीता, साजिद अली, ओमप्रकाश सिंघाड़िया, रेखा देवी, जितेंद्र खोरवाल, सुनील प्रजापत, जाहिदा बानो, गणपत लाल, मांगीलाल सहित सभी पार्षद सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।